चंडीगढ़ , जुलाई 02 -- मानसून सीजन से पहले पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने राज्य के बाढ़ प्रभावित और संवेदनशील जिलों में तैयारियों का जमीनी आकलन करने का निर्णय लिया है। इस पहल के तहत प्रदेश पार्टी अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने वरिष्ठ नेताओं को विभिन्न जिलों का दौरा कर बाढ़ प्रबंधन, राहत व्यवस्था और प्रशासन की तैयारियों की समीक्षा करने की जिम्मेदारी सौंपी है।
पार्टी की ओर से गुरुवार को जारी जानकारी के अनुसार, वरिष्ठ नेता पिछले वर्ष बाढ़ से प्रभावित रहे जिलों का दौरा करेंगे। इस दौरान संबंधित जिलों के भाजपा जिला अध्यक्ष भी उनके साथ रहेंगे और उन्हें उन इलाकों में ले जाएंगे, जहां पिछले वर्ष बाढ़ से सबसे अधिक नुकसान हुआ था।
जिन नेताओं को अलग-अलग जिलों की जिम्मेदारी दी गयी है, उनमें अश्विनी शर्मा को गुरदासपुर, फतेहजंग सिंह बाजवा को अमृतसर, श्वेत मलिक को पठानकोट, सुरजीत ज्याणी को फिरोजपुर, सुनील जाखड़ को फाजिल्का, सुशील रिंकू को अबोहर, अविनाश राय खन्ना को जालंधर, जंगी लाल महाजन को होशियारपुर, विजय सांपला को रूपनगर तथा इकबाल सिंह लालपुरा को एस.ए.एस. नगर (मोहाली) का दौरा सौंपा गया है।
दौरे में वरिष्ठ नेता बाढ़ प्रभावित परिवारों और स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं, राहत एवं पुनर्वास कार्यों तथा संभावित चुनौतियों की जानकारी लेंगे। इसके साथ ही वे प्रशासन की तैयारियों का भी आकलन करेंगे और अपनी विस्तृत रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को सौंपेंगे, जिसमें स्थानीय स्तर पर मौजूद कमियों और आवश्यक सुधारों का उल्लेख किया जाएगा।
भाजपा पंजाब ने कहा कि पार्टी हर संकट की घड़ी में प्रदेश के लोगों के साथ खड़ी है और जन सुरक्षा, आपदा प्रबंधन तथा बाढ़ प्रभावित परिवारों को समय पर राहत दिलाने से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित