कपूरथला , जून 26 -- मानसून सीजन शुरू होने से पहले पंजाब में कपूरथला के जिला उपायुक्त आकाश बंसल ने शुक्रवार को ड्रेनेज विभाग के अधिकारियों को जिले के सभी नालों की सफाई और डी-सिल्टिंग कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिये हैं।
उन्होंने कहा कि मानसून तैयारियों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए उपायुक्त ने बताया कि रायपुर पीरबक्स ड्रेन, काला संघियां ड्रेन तथा फगवाड़ा सुलाज ड्रेन की सफाई का कार्य पूरा हो चुका है। ईस्ट बीन, वेस्ट बीन, खलवाड़ा बहुआ ड्रेन सहित अन्य प्रमुख नालों पर 80 से 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है और शेष काम 30 जून तक समाप्त कर लिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि नालों से निकाले गये सरकंडे, खरपतवार, जलकुंभी और गाद का उचित निपटान सुनिश्चित किया जाये, ताकि बारिश के दौरान यह सामग्री दोबारा नालों में न पहुंचे।
श्री बंसल ने कहा कि बरसात के मौसम में लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। बाढ़ रोकथाम और जन सुरक्षा के लिए प्रभावी ड्रेनेज प्रबंधन आवश्यक है, इसलिए संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी की जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित