बारां , मई 17 -- राजस्थान में बारां- झालावाड़ रोड स्थित निर्माणाधीन तेल फैक्ट्री रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) को मानसून से पूर्व शुरू करने की कवायद तेज हो गई है।

जिला कलेक्टर बालमुकुंद असावा ने शनिवार शाम संबंधित अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया और प्रगति की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान श्री असावा ने स्वयं ब्रिज पर यातायात व्यवस्था और निर्माण कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान नगर परिषद, सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) अधिकारी मौजूद रहे।

श्री असावा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि ब्रिज पर विद्युत व्यवस्था, डामरीकरण, पुलिया क्षेत्र की सफाई और सड़क किनारे पेड़ों की छंटाई जैसे शेष कार्यों को प्राथमिकता से जल्द पूरा किया जाए, ताकि समय पर यातायात शुरू कराया जा सके।

जानकारी के अनुसार तेल फैक्ट्री क्षेत्र से दीनदयाल पार्क तिराहे तक कुछ महीनों में आरओबी पर यातायात शुरू किए जाने की संभावना है। हालांकि इस ब्रिज को 30 नवंबर 2025 तक तैयार किया जाना था, लेकिन देरी के चलते यह अब तक पूर्ण नहीं हो पाया है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार तेल फैक्ट्री आरओबी का 90 फीसदी निर्माण कार्य पूर्ण कर लिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित