नयी दिल्ली , जुलाई 26 -- दिल्ली प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष देवेन्द्र यादव ने राजधानी में मानसून के दौरान अधिक पुराने और खोखले पेड़ों के टूट कर गिरने से दुर्घटनाओं की आशंका जाहिर करते सरकार से तत्काल वैज्ञानिक ऑडिट कराने की मांग की है।

उन्होंने कहा कि समय रहते पेड़ों की छंटाई और आवश्यकतानुसार कटाई नहीं होने से लोगों की जान-माल पर गंभीर खतरा बना हुआ है।

श्री यादव ने कहा कि मानसून शुरू होने से पहले पेड़ों की सुरक्षा जांच, कमजोर शाखाओं की पहचान और उनकी छंटाई संबंधित विभागों की जिम्मेदारी होती है, लेकिन दिल्ली सरकार और नगर निगम इस दिशा में प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार और नगर निगम केवल किसी दुर्घटना के बाद ही सक्रिय होते हैं। उन्होंने मांग की कि राजधानी के सभी संवेदनशील और खतरनाक पेड़ों का तत्काल वैज्ञानिक ऑडिट कराया जाए तथा मानसून के दौरान विशेष टीमों का गठन कर नियमित निगरानी और आवश्यक छंटाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़कों, फुटपाथों, स्कूलों, अस्पतालों, पार्कों और रिहायशी इलाकों के आसपास स्थित पेड़ों पर विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित