रायपुर , अक्टूबर 08 -- छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से मानसून की विदाई के तीन दिन बाद मौसम ने अचानक करवट ली है। बुधवार को दोपहर बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं और गरज-चमक के साथ बारिश हुई, जबकि कुछ इलाकों में ओले भी गिरे। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी प्रदेश के कुछ हिस्सों में इसी तरह की मौसमी गतिविधियां जारी रहने की संभावना जताई है।

मौसम विभाग से आज मिली जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ के ऊपर बने चक्रवाती घेरे के प्रभाव से मौसम में यह बदलाव आया है। उत्तरप्रदेश के ऊपर सक्रिय चक्रवाती सिस्टम के मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ने से बुधवार को प्रदेश के कई जिलों में बारिश दर्ज की गई। हालांकि, मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है।

राजधानी रायपुर में बुधवार को अधिकतम तापमान करीब 34 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। दोपहर बाद अचानक बादल छाने और तेज हवाएं चलने से मौसम का मिजाज बदल गया। शहर के माना इलाके में कुछ देर बारिश हुई, जबकि सड्डू क्षेत्र में हल्की वर्षा के साथ ओलावृष्टि भी हुई। इस दौरान शहर के कई हिस्सों में बादलों की गर्जना सुनाई दी, वहीं कुछ इलाकों में धूप खिली रही।

चक्रवाती सिस्टम का प्रभाव राजधानी के अलावा प्रदेश के अन्य जिलों में भी दिखाई दिया। दुर्ग में बुधवार दोपहर अच्छी बारिश हुई। इससे पहले बिलासपुर, बलरामपुर और कबीरधाम जिलों के विभिन्न क्षेत्रों में भी वर्षा दर्ज की गई थी।

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, रायपुर से मानसून की आधिकारिक विदाई हो चुकी है, लेकिन बिलासपुर और सरगुजा संभाग में मानसून की मौजूदगी बनी हुई है। प्रदेश में फिलहाल मौसम की स्थिति लगभग स्थिर है। हालांकि, चक्रवाती परिसंचरण के कारण स्थानीय स्तर पर बादल छाने, गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश जैसी गतिविधियां देखने को मिल रही हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित