टिहरी , मई 15 -- उत्तराखंड में आगामी मानसून सीजन को देखते हुए टिहरी गढ़वाल जिले में आपदा प्रबंधन तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है।
शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की बैठक में जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल एवं जिला पंचायत अध्यक्ष इशिता सजवाण ने सभी विभागों को समय रहते तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने दूरसंचार सेवाओं को सुचारु बनाए रखने हेतु सैटेलाइट फोन की मॉक ड्रिल कराने तथा जिला एवं तहसील स्तर पर कंट्रोल रूम सक्रिय रखने के निर्देश दिए।
अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने विभागवार तैयारियों की समीक्षा करते हुए कंट्रोल रूम के नंबर सार्वजनिक करने और तैनात कर्मचारियों को आपदा के दौरान उनकी जिम्मेदारियों से अवगत कराने को कहा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग को जेसीबी मशीनों की लोकेशन और ऑपरेटरों के संपर्क नंबर उपलब्ध कराने, स्वास्थ्य विभाग को एंटी स्नेक वेनम एवं डेंगू नियंत्रण की तैयारी सुनिश्चित करने तथा विद्यालयों में बच्चों को आपदा के प्रति जागरूक बनाने के निर्देश दिए गए।
पेयजल विभाग को पाइपलाइनों की जांच कर क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में तत्काल मरम्मत की व्यवस्था रखने, विद्युत विभाग को बिजली लाइनों की नियमित निगरानी करने तथा नगर पालिकाओं को नालियों की सफाई एवं जलभराव वाले क्षेत्रों में ड्रेनेज व्यवस्था दुरुस्त रखने को कहा गया।
पुलिस विभाग को खोज एवं बचाव कार्यों के लिए उपकरण तैयार रखने और अवैध खनन पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। वहीं संभावित आपदा प्रभावित क्षेत्रों में सामुदायिक केंद्र, पंचायत घर एवं विद्यालयों को अस्थायी शेल्टर होम के रूप में तैयार रखने पर भी जोर दिया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित