भोपाल , जुलाई 9 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के कटारा हिल्स थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग लड़की से गैंगरेप का मामला सामने आया है। आरोपियों ने वारदात का वीडियो बनाकर पीड़िता के भाई के मोबाइल पर भेजा, जिसके बाद परिजन ने पुलिस से शिकायत की।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पीड़िता ने स्कूल जाना छोड़ दिया था। मोहल्ले के दो युवक कई दिनों से उससे दोस्ती करने का दबाव बना रहे थे। वही 1 जुलाई को दोनों आरोपी उसे बात करने के बहाने सुनसान स्थान पर ले गए और उसके साथ दुष्कर्म कर मोबाइल से वीडियो बना लिया। मानसिक रूप से कमजोर होने के कारण पीड़िता घटना की जानकारी परिजनों को नहीं दे सकी।
करीब पांच दिन बाद आरोपियों ने वीडियो पीड़िता के भाई के मोबाइल पर भेजा और अन्य लोगों को भी शेयर किया। वीडियो देखने के बाद परिजन बुधवार रात थाने पहुंचे और केस दर्ज कराया। पुलिस ने गैंगरेप और पॉक्सो एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में एक नाबालिग आरोपी को हिरासत में लिया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित