फर्रुखाबाद , जुलाई 29 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले के शमशाबाद थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह घरेलू विवाद के दौरान मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे एक युवक ने अपनी मां की ईंट से सिर कुचलकर हत्या कर दी। बीच-बचाव करने पहुंची उसकी बहन भी घायल हो गई। आरोपी को ग्रामीणों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार शमशाबाद थाना क्षेत्र के खुड़ना वैध गांव निवासी मुन्नी देवी (50) का बुधवार सुबह उनके पुत्र पंकज (27) से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर पंकज ने ईंट से हमला कर मां के सिर पर कई वार किए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के दौरान बीच-बचाव करने पहुंची बहन सुषमा भी घायल हो गई। आरोपी पंकज को भी चोटें आई हैं। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
सूचना मिलते ही थाना पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आरोपी को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार वह पिछले चार-पांच वर्षों से मानसिक रूप से अस्वस्थ है और उसका उपचार चल रहा था।
पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल फतेहगढ़ भेज दिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक गिरीश कुमार सिंह ने बताया कि मां की हत्या की घटना के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित