अमृतसर , अक्टूबर 28 -- श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी कुलदीप सिंह गड़गज्ज ने मानसा में प्रदर्शन कर रहे सिखों के साथ कथित पुलिस दुर्व्यवहार और उनकी पगड़ियों तथा सिख ककारों के अपमान की कड़ी निंदा की है। उन्होंने इस मामले में जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

ज्ञानी गड़गज्ज ने बुधवार को कहा कि पंजाब में नशे की गंभीर समस्या है और इसे रोकना सरकारों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आरोप लगाया कि नशीले पदार्थों की बिक्री रोकने के बजाय सरकार प्रदर्शन कर रहे लोगों के खिलाफ बल प्रयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन करना हर नागरिक का अधिकार है और सरकार को लोगों के साथ अन्यायपूर्ण व्यवहार नहीं करना चाहिए।

जत्थेदार ने पंजाब के लोगों, न्यायप्रिय संगठनों और व्यक्तियों से मानसा में दलजीत सिंह की मौत के मामले में न्याय की मांग को लेकर चल रहे मोर्चे में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने बताया कि मानसा जिले के भम्मे कलां गांव के युवक दलजीत सिंह की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। परिवार का आरोप है कि उसकी मौत नशीले पदार्थ की अधिक मात्रा लेने से हुई और उसने कथित तौर पर नशीला पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। इसी मामले को लेकर एकत्र हुए लोगों के साथ पुलिस द्वारा कथित तौर पर मारपीट और अमानवीय व्यवहार किए जाने की भी उन्होंने निंदा की।

ज्ञानी गड़गज्ज ने कहा कि पुलिस को नशीला पदार्थ बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए और राज्य में नशे की बिक्री रोकने पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमृतधारी सिखों की पगड़ी, केश और ककारों का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जा सकता। उन्होंने पंजाब सरकार और पुलिस से इस मामले में जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित