चंडीगढ़ , अक्टूबर 28 -- पंजाब भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने मानसा में नशे के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ पुलिस की कथित कार्रवाई की निंदा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार नशे पर अंकुश लगाने में नाकाम रही है और अब न्याय की मांग कर रहे लोगों के अधिकारों को भी कुचला जा रहा है।

श्री ढिल्लों ने कहा कि मानसा में हुई घटना ने पंजाबियों को शर्मसार किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान मृतक युवक के शव को सड़क पर घसीटा गया, सिखों की पगड़ियों और ककारों का अपमान किया गया तथा पत्रकारों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे लोगों को घसीटा गया और हिरासत में लिया गया।

भाजपा नेता ने मुख्यमंत्री से पंजाब और पंजाबियों के हित में खड़े होने की अपील करते हुए आरोप लगाया कि राज्य सरकार दिल्ली के नेताओं के इशारों पर काम कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि मुख्यमंत्री राज्य के हितों की रक्षा करने में असमर्थ हैं, तो उन्हें पद छोड़ देना चाहिए।

श्री ढिल्लों ने कहा कि सरकार के कथित अत्याचारों के खिलाफ जनता में नाराजगी बढ़ रही है और इसका राजनीतिक परिणाम भुगतना पड़ सकता है। उन्होंने पंजाबियों से नशे के खिलाफ जारी संघर्ष में बापू भीम सिंह और अन्य पीड़ित परिवारों का साथ देने तथा राज्य को नशे की समस्या से बचाने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित