यमुनानगर , सितंबर 30 -- स्वच्छता ही सेवा अभियान के तहत नगर निगम की ओर से बुधवार को हरियाणा के जगाधरीमें सेंट थॉमस स्कूल में स्वच्छता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 200 विद्यार्थियों ने मानव श्रृंखला बनाकर 'स्वच्छता ही सेवा' का लोगो तैयार किया और स्वच्छता का संदेश दिया।

विद्यार्थियों ने 'स्वच्छ शहर, स्वच्छ विद्यालय और स्वच्छ समाज' का संदेश देते हुए आमजन को स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। मानव श्रृंखला के माध्यम से उन्होंने स्वच्छता, जिम्मेदारी और जनभागीदारी का संदेश दिया।

नगर निगम स्वच्छ भारत मिशन टीम के एक्सपर्ट दुर्गेश कुमार ने विद्यार्थियों के साथ इस गतिविधि में भाग लिया और उन्हें स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर, विद्यालय और आसपास के क्षेत्र को साफ रखने के साथ-साथ परिवार व अन्य लोगों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला। प्रधानाचार्य डॉ. चंदना लाल ने स्वच्छता ही सेवा अभियान को जन-अभियान बनाने और स्वच्छ भारत के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित