उमरिया , जून 25 -- मध्यप्रदेश के उमरिया जिले स्थित बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा बफर परिक्षेत्र में मानव जीवन को क्षति पहुंचाने वाले एक नर बाघ का आज गुरुवार को सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। बाघ को बहेरहा एनक्लोजर में रखकर उसकी निगरानी की जा रही है।

बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के क्षेत्र संचालक अनुपम सहाय ने बताया कि पनपथा बफर परिक्षेत्र की पलझा उत्तर बीट के आरएफ-604 कक्ष से लगभग पांच वर्ष आयु के नर बाघ का रेस्क्यू किया गया। प्रारंभिक आकलन के अनुसार यही बाघ मानव जीवन को क्षति पहुंचाने की घटनाओं में शामिल हो सकता है।

उन्होंने बताया कि रेस्क्यू अभियान विभागीय अधिकारियों की निगरानी में निर्धारित मानकों और आवश्यक सावधानियों के साथ संचालित किया गया। अभियान में उप संचालक, सहायक संचालक (ताला), वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी, संजय टाइगर रिजर्व सीधी, ताला तथा पनपथा क्षेत्र के वन अधिकारी, टाइगर प्रोटेक्शन फोर्स और अन्य कर्मचारी शामिल रहे।

वन्य प्राणी स्वास्थ्य अधिकारी ने बाघ को सुरक्षित रूप से ट्रैंकुलाइज करने के बाद उसका स्वास्थ्य परीक्षण किया। परीक्षण के लिए रक्त के नमूने भी लिए गए हैं।

श्री सहाय ने बताया कि रेस्क्यू किए गए बाघ को विशेष वाहन से सुरक्षित रूप से बहेरहा एनक्लोजर पहुंचाया गया, जहां उसकी सतत निगरानी और आवश्यक चिकित्सकीय देखभाल की जाएगी। उन्होंने कहा कि रेस्क्यू अभियान में लक्ष्मण, सूर्या गणेश और सुन्दरगज हाथियों तथा उनके महावतों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित