नयी दिल्ली , अक्टूबर 19 -- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) की ऑनलाइन मानवाधिकार प्रश्नोत्तरी-2026 प्रतियोगिता में देशभर से 26,459 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया है जिनमें में आरती महाजन ने पहला स्थान हासिल किया है।
आयोग ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि 'माईगोव' के सहयोग से एक सितंबर से 10 अक्टूबर तक आयोजित 'मानवाधिकार प्रश्नोत्तरी-2026 : जीवन, स्वतंत्रता, समानता और गरिमा का उत्सव' में सभी राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के लोगों ने भाग लिया। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य मानवाधिकारों, मानवाधिकार संरक्षण अधिनियम 1993 और मानवाधिकारों के संरक्षण एवं संवर्धन में आयोग की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
प्रश्नोत्तरी में आरती महाजन को 15,000 रुपये का पहला पुरस्कार, रितिका को 10,000 रुपये का दूसरा पुरस्कार और तूबा बेनजीर को 5,000 रुपये का तीसरा पुरस्कार मिला। इसके अलावा आदित्य गुप्ता, तरुण, रानी मंडल, बसंत कुमार महतो, लिखित कुमार ए और दीपिका मदासु सहित सात प्रतिभागियों को दो-दो हजार रुपये के सांत्वना पुरस्कार दिए गए।
आयोग के अनुसार, प्रश्नोत्तरी को 1,67,127 बार देखा गया और इसमें 26,459 प्रविष्टियां प्राप्त हुईं। सबसे अधिक प्रविष्टियां 18 से 24 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों की रहीं। राज्यवार भागीदारी में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र और तमिलनाडु सबसे आगे रहे।
प्रश्नोत्तरी में 5,753 प्रतिभागियों ने सभी 15 प्रश्नों के सही उत्तर दिए। इनमें से 10 विजेताओं का चयन 'माईगोव' की टीम ने निर्धारित नियमों और शर्तों के अनुसार लॉटरी के माध्यम से किया। प्रतिभागियों को 300 सेकंड के भीतर अधिकतम 15 प्रश्नों के उत्तर देने थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित