राजनांदगांव , अगस्त 19 -- छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव स्थित शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर इंटर्न डॉक्टरों की अनिश्चितकालीन हड़ताल बुधवार को 15वें दिन भी जारी रही। मांगों पर निर्णय नहीं होने से नाराज डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज परिसर में 'एमबीबीएस चाय की दुकान' लगाकर सांकेतिक विरोध प्रदर्शन किया।

पेंड्री स्थित मेडिकल कॉलेज अस्पताल के हड़ताली इंटर्न डॉक्टरों ने मरीजों और उनके परिजनों को चाय पिलाकर सरकार का ध्यान अपनीमांगों की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया। डॉक्टरों का कहना है कि वर्षों की मेडिकल पढ़ाई और प्रशिक्षण के बाद भी उन्हें करीब 15 हजार रुपये प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है, जो मौजूदा परिस्थितियों में पर्याप्त नहीं है।

हड़ताल में शामिल करीब 150 इंटर्न डॉक्टर स्टाइपेंड को 15 हजार रुपये से बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि मौजूदा स्टाइपेंड के हिसाब से उन्हें प्रतिदिन करीब 530 रुपये मिलते हैं। डॉक्टरों ने इसे अपनी जिम्मेदारियों और कार्य के अनुरूप नहीं बताते हुए मानदेय में तत्काल वृद्धि की मांग की है।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन-मेडिकल स्टूडेंट्स नेटवर्क (आईएमए-एमएसएन) छत्तीसगढ़ के प्रदेश संयोजक शाहरुख खुसरो ने कहा कि इंटर्न डॉक्टर सरकार से अपनी मांग पर सकारात्मक निर्णय की उम्मीद कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि डॉक्टर जल्द से जल्द हड़ताल समाप्त कर मरीजों की सेवा में लौटना चाहते हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित