मुंबई , सितंबर 26 -- बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित लोकप्रिय गेम शो 'कौन होणार करोड़पति' में मेजबान की भूमिका में नजर आएंगी। शो का प्रसारण 12 अक्टूबर 2026 से सोनी मराठी पर होगा और यह सोनी लिव पर भी उपलब्ध रहेगा। शो के लिए जारी पहले लुक में माधुरी खूबसूरत पैठणी साड़ी में नजर आ रही हैं, जिसमें पारंपरिक भव्यता के साथ आधुनिक अंदाज की झलक देखने को मिल रही है।

अपने लुक के बारे में माधुरी ने कहा, "पैठणी सिर्फ एक खूबसूरत साड़ी नहीं है, बल्कि इसमें महाराष्ट्र का सदियों पुराना इतिहास, परंपराएं और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत बुनी हुई है। यह ऐसी विरासत है जो पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती आई है और महाराष्ट्र की पहचान का अभिन्न हिस्सा बन चुकी है। पैठणी पहनना महाराष्ट्र की परंपराओं, उसकी कला और खूबसूरती को मनाने का एक खूबसूरत तरीका है।"उन्होंने कहा, "मुझे इसकी बुनाई की खूबसूरती और यह बात बेहद पसंद है कि हर पैठणी अपने आप में खास होती है। अपनी संस्कृति को उसके मूल से जुड़े रहते हुए आधुनिक अंदाज में मनाना भी बहुत खूबसूरत अनुभव है।"'कौन होणार करोड़पति' में माधुरी दीक्षित ज्ञान, सपनों और जिंदगी की प्रेरणादायक कहानियों के साथ दर्शकों के सामने एक नया सफर लेकर आएंगी। हाल ही में जारी प्रोमो में उनके नए और अनदेखे अंदाज की झलक देखने को मिली है। शो में चुनौतीपूर्ण सवालों के साथ प्रतियोगियों के बड़े सपनों और उनकी प्रेरणादायक कहानियों को भी दर्शाया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित