नयी दिल्ली , मई 12 -- दिल्ली के उपराज्यपाल सरदार तरनजीत सिंह संधू ने कहा है कि सरकार की रणनीति मादक पदार्थ तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने पर केंद्रित है।

श्री संधू ने मंगलवार को सोशल मीडिया एक्स पर राष्ट्रीय राजधानी में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 1,700 किलोग्राम जब्त मादक पदार्थों को नष्ट किए जाने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि करीब 72 करोड़ रुपये मूल्य के इन मादक पदार्थों के नष्ट करने के साथ दिल्ली में ड्रग नेटवर्क को ध्वस्त करने की दिशा में निर्णायक कदम उठाया गया है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के मार्गदर्शन में वर्ष 2027 तक "ड्रग-फ्री दिल्ली" का सामूहिक लक्ष्य तय किया गया है। इस मिशन को और मजबूत बनाने के लिए दिल्ली के पहले समर्पित एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) पुलिस थाने को मंजूरी देने की भी घोषणा की गई।

उपराज्यपाल ने कहा कि सरकार की रणनीति मादक पदार्थ तस्करों की आर्थिक कमर तोड़ने पर केंद्रित है। इसके साथ ही "नशा? नॉट कूल" जैसे जन-जागरूकता अभियानों के जरिए युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास किया जाएगा।

उन्होंने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे साथियों के दबाव में आने के बजाय अपने उद्देश्य और भविष्य को प्राथमिकता दें। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से दिल्ली में नशे के लिए न बाजार बचेगा, न पनाह और न ही सामाजिक स्वीकार्यता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित