बारां , मई 29 -- राजस्थान में बारां जिले में मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस अधीक्षक अभिषेक अंदासु ने सख्त कार्रवाई करते हुए हेड कांस्टेबल शंकर विश्नोई को सरकारी सेवा से बर्खास्त कर दिया है।
पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि शंकर विश्नोई करीब आठ महीने पहले सदर थाना पुलिस द्वारा पकड़े गए मादक पदार्थ तस्करी के एक मामले में आरोपी था। पुलिस सूत्रों के मुताबिक विभागीय जांच और पुलिस जांच में उसकी संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार आरोपी हेड कांस्टेबल लंबे समय तक छबड़ा विधायक के गनमैन के रूप में तैनात रहा था। पुलिस जांच में सामने आया कि वह अपने रसूख और पहचान का फायदा उठाकर मादक पदार्थ तस्करी के नेटवर्क से जुड़ा हुआ था। मामले के खुलासे के बाद विभाग ने उसे निलंबित किया था और विस्तृत जांच जारी थी।
जांच रिपोर्ट में आरोपों की पुष्टि होने पर पुलिस अधीक्षक ने सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी कांस्टेबल को सेवा से पृथक करने के आदेश जारी किए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित