जयपुर , अप्रैल 23 -- सिक्किम के राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर ने गुरुवार को पाली जिले के सुमेरपुर विधानसभा क्षेत्र के तख्तगढ़ गांव के नेहरू रोड चौराहे पर सौ फीट ऊंचे तिरंगे का अनावरण किया।

इस अवसर पर श्री माथुर ने नगरपालिका के माध्यम से 351.83 लाख रुपए की लागत से बनने वाली पानी की टंकी सहित कई अन्य विकास कार्यों का शिलान्यास एवं लोकार्पण रिमोट बटन दबाकर किया। इससे पहले संयुक्त रूप से तिरंगा ध्वज फहराकर राष्ट्र के प्रति सम्मान और एकता का संदेश दिया गया। इस दौरान क्षेत्र में जल निकासी व्यवस्था के लिए निर्माणाधीन नाले का निरीक्षण भी किया गया।

कार्यक्रम में श्री माथुर एवं राज्य के पशुपालन, गोपालन, डेयरी एवं देवस्थान मंत्री जोराराम कुमावत ने प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं पीएम स्ट्रीट वेंडर्स आत्म निर्भर निधि योजना के तहत कुल 10 लाभार्थियों को 50-50 हजार रुपये के चैक वितरित किए।

इस अवसर पर श्री माथुर ने कहा कि तिरंगा हमारे राष्ट्र की आन, बान और शान का प्रतीक है। इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने तख्तगढ़ नगर पालिका के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे प्रेरणादायक बताया। साथ ही, उन्होंने सिक्किम राज्य की भौगोलिक एवं प्राकृतिक सुंदरता के बारे में भी बताया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित