अलवर, अप्रैल 12 -- राजस्थान में खैरथल-तिजारा जिला पुलिस ने मातौर बस स्टैंड पर दिनदहाड़े हुई फायरिंग की वारदात का खुलासा करते हुए मुख्य आरोपी समेत दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा घटना में प्रयुक्त बैलेनो कार भी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक बृजेश ज्योति उपाध्याय के निर्देशन में खैरथल थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 25 हजार रुपये के इनामी बदमाश प्रमोद उर्फ काला और 10 हजार रुपये के इनामी बदमाश हितेश को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपी लंबे समय से फरार चल रहे थे।

एडिशनल एसपी जयासिंह ने बताया 20 मार्च 2026 को मातौर बस स्टैंड पर टोल प्लाजा में हिस्सेदारी और आपसी रंजिश को लेकर प्रमोद उर्फ काला, हितेश और उनके साथियों ने सुखमनहेड़ी निवासी वीरेंद्र राजपूत पर जानलेवा फायरिंग की थी। वारदात को अंजाम देकर आरोपी फरार हो गए थे। इस संबंध में खैरथल थाने में हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया था।

जांच के दौरान सामने आया कि मुख्य आरोपी प्रमोद उर्फ काला कुख्यात प्रिंस तेवतिया गैंग से जुड़ा रहा है और पूर्व में दिल्ली पुलिस पर भी फायरिंग कर चुका है। आरोपी हथियारों के बल पर क्षेत्र में दहशत फैलाकर अवैध वसूली और वर्चस्व कायम करना चाहते थे।

पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, डकैती, अपहरण, आर्म्स एक्ट और मादक पदार्थ तस्करी सहित करीब एक दर्जन आपराधिक मामले विभिन्न राज्यों-हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और राजस्थान में दर्ज हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित