देवरिया , अगस्त 06 -- उत्तर प्रदेश के देवरिया में जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने गुरुवार को जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में कहा कि मातृ-शिशु दर में कमी लाना सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।

बैठक में जिलाधिकारी श्री हुलगी ने स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुये कहा कि स्वास्थ्य विभाग की सभी योजनाओं का क्रियान्वयन इस तरह हो कि हर पात्र व्यक्ति तक लाभ पहुंचे और जनपद में मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में हर हाल में कमी आये।

उन्होंने कहा कि लापरवाह सीएचओ के खिलाफ निष्कासन की कार्रवाई शुरू की जाये।बीएचएसएनडी सत्रों का प्रभावी संचालन हो। आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नियमित होम विजिट कर लोगों को स्वास्थ्य योजनाओं के प्रति जागरूक करें।

जिलाधिकारी ने प्रत्येक मातृ एवं शिशु मृत्यु का ऑडिट कर कमियों को दूर करने।आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान समय से करने और बीएचएसएनडी के लिए उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस माह किसी आंगनबाड़ी केंद्र पर उपकरणों का अभाव नहीं होना चाहिए। कमी पर एमओआईसी और खंड विकास अधिकारी जिम्मेदार होंगे।

जिलाधिकारी ने आभा आईडी जनरेशन में तेजी, जननी सुरक्षा योजना, पीएम मातृ वंदना योजना और क्षय रोग नियंत्रण कार्यक्रम के लक्ष्यों की शत-प्रतिशत पूर्ति पर भी जोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित