सागर , जून 14 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मातृ शक्ति का आशीर्वाद सरकार के लिए संबल प्रदान कर रहा है और उनकी सहभागिता तथा नेतृत्व के माध्यम से प्रदेश विकास पथ पर आगे बढ़ते हुए विकसित भारत के निर्माण में योगदान दे रहा है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने आज रविवार को सागर जिले के केसली में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि बुंदेलखंड की धरती ने अपने गौरवशाली अतीत को संजोकर रखा है और यहां के वीरों ने देश के लिए हमेशा अपना सर्वस्व न्यौछावर किया है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने लगभग 190.85 करोड़ रुपये की लागत के 53 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमि-पूजन किया। इनमें 68.83 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 25 कार्यों का लोकार्पण तथा 122.02 करोड़ रुपये की लागत के 28 कार्यों का भूमि-पूजन शामिल है। उन्होंने लाड़ली बहना योजना की 37वीं किस्त के तहत 1.25 करोड़ हितग्राही महिलाओं के खातों में 1835 करोड़ रुपये भी अंतरित किए।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना तीसरे वर्ष में प्रवेश कर रही है और यह महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन का आधार बनी है। योजना से प्राप्त राशि का उपयोग महिलाएं परिवार के संचालन और जरूरतों को पूरा करने में कर रही हैं। इससे महिलाओं की सामाजिक स्थिति मजबूत हुई है तथा उनमें शिक्षा, सुरक्षा और सम्मान के प्रति विश्वास बढ़ा है।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार कृषक कल्याण वर्ष मना रही है और किसानों के हित में अनेक महत्वपूर्ण कदम उठाए जा रहे हैं। प्रदेश में सिंचाई का रकबा 44 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 65 लाख हेक्टेयर हो गया है, जिसे बढ़ाकर 100 लाख हेक्टेयर करने का लक्ष्य रखा गया है। दुग्ध उत्पादन और खाद्य प्रसंस्करण को बढ़ावा देने के लिए भी विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 12 वर्ष के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जरूरतमंदों को आवास, स्वास्थ्य और अन्य सुविधाएं प्राप्त हो रही हैं। धरती आबा योजना के माध्यम से जनजातीय समाज के कल्याण के लिए भी अनेक कार्य किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई घोषणाएं भी कीं। उन्होंने केसली में सांदीपनि विद्यालय के द्वितीय चरण का कार्य प्रारंभ करने, कई शासकीय विद्यालयों का उन्नयन करने, कृषि उपज मंडी केसली का नाम रानी अवंतिबाई के नाम पर रखने, देवरी में 100 बिस्तरों का अस्पताल प्रारंभ करने तथा लगभग 550 करोड़ रुपये लागत की थावरी जलाशय योजना को स्वीकृति देने की घोषणा की।

इसके अलावा देवरी में प्याज एवं लहसुन खरीदी केंद्र स्थापित करने, शासकीय महाविद्यालय देवरी में विज्ञान संकाय तथा राजनीति विषय प्रारंभ करने, केसली महाविद्यालय में स्नातकोत्तर कक्षाएं शुरू करने, देवरी नगर का नाम देवपुरी करने तथा देवखंडेराव मंदिर को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत गौरझामर और केसली को नगर पंचायत बनाने की घोषणा भी की।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों के बीच पहुंचकर पुष्पवर्षा की तथा पारंपरिक खेल सितोलिया खेलकर 'लाड़ली बहना खेल सप्ताह' का शुभारंभ किया। उन्होंने विभिन्न हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए और मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान भी किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित