जम्मू , जुलाई 30 -- श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने राजौरी और पुंछ जिलों में 19 जुलाई को मूसलाधार बारिश और अचानक आयी बाढ़ से प्रभावित हुए परिवारों को पुनर्वास सहायता प्रदान की है।

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल एवं श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष मनोज सिन्हा के निर्देशों पर त्वरित कार्रवाई करते हुए बोर्ड ने लगभग 200 प्रभावित परिवारों के लिए जिला प्रशासन को करीब 40 लाख रुपये की राहत सामग्री सौंपी है। इस पहल का उद्देश्य प्रभावित परिवारों के पुनर्वास को आसान बनाना और उन्हें गरिमा के साथ अपना जीवन फिर से बसाने में मदद करना है। राहत सहायता को प्रभावित परिवारों की तत्काल आवश्यकताओं को पूरा करने के लिए ध्यानपूर्वक तैयार किया गया है, जिसमें आवश्यक घरेलू और आश्रय सामग्री शामिल है। प्रत्येक पुनर्वास पैकेज में बिस्तर, घरेलू बर्तन और खाद्य सामग्री जैसी बुनियादी जरूरतें शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि अध्यक्ष के मार्गदर्शन में श्राइन बोर्ड ने पिछले वर्ष भी रियासी और उधमपुर जिलों में प्राकृतिक आपदाओं से प्रभावित परिवारों को समय पर सहायता प्रदान करके इसी तरह की मानवीय राहत पहल की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित