दरभंगा , सितंबर 29 -- हान स्वतंत्रता सेनानी एवं क्रांतिकारी वीरांगना मातंगिनी हाजरा के शहादत दिवस पर मंगलवार को जिला बार एसोसिएशन भवन में अधिवक्ताओं ने उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया।अधिवक्ता रमण जी चौधरी की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ताओं नेवीरांगना मातंगिनी हाजरा के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान को याद किया।

अधिवक्ता अरुण कुमार चौधरी ने कहा कि भारत छोड़ो आंदोलन के दौरान 72 वर्षीय मातंगिनी हाजरा ने अदम्य साहस का परिचय दिया था। 29 सितंबर 1942 को वह हजारों प्रदर्शनकारियों के साथ तत्कालीन मेदिनीपुर जिले के तामलुक थाने पर तिरंगा फहराने पहुंची थीं। अंग्रेजी हुकूमत की पुलिस ने उन पर गोलियां चलाईं, लेकिन उन्होंने अंतिम सांस तक तिरंगे को हाथ से नहीं गिरने दिया। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए मातंगिनी हाजरा का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रप्रेम, साहस और कर्तव्य के प्रति समर्पण की प्रेरणा देता रहेगा।

उन्होंने कहा कि मातंगिनी हाजरा, जिन्हें सम्मानपूर्वक 'गांधी बुढ़ी' भी कहा जाता है, ने उम्र को अपने संघर्ष के रास्ते में बाधा नहीं बनने दिया। महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वदेशी के विचारों से प्रेरित होकर उन्होंने स्वतंत्रता आंदोलन में सक्रिय भागीदारी निभाई। उनका जीवन यह संदेश देता है कि देश और समाज के हित में दृढ़ संकल्प, साहस और त्याग के साथ किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता।

अधिवक्ताओं ने कहा कि मातंगिनी हाजरा का जीवन आज भी युवाओं को अन्याय के विरुद्ध शांतिपूर्ण ढंग से आवाज उठाने, देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा सामाजिक एकता और मानवीय मूल्यों को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान को याद करना केवल श्रद्धांजलि देना नहीं, बल्कि उनके आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लेना भी है।

मौके पर अधिवक्ता माधव चौधरी, हीरानंद मिश्र, अनिता आनंद, अनिल कुमार मिश्रा, सुधीर कुमार चौधरी, मुरारी लाल केवट, रामवृक्ष सहनी, श्याम बिहारी राय 'सरस', संतोष कुमार सिन्हा, नीतीश कुमार, बुलन कुमार झा, प्रदीप कुमार शांडिल्य सहित दर्जनों अधिवक्ता, अधिवक्ता लिपिक विनय कुमार झा भी मौजूद थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित