बैतूल , सितंबर 14 -- भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने सोमवार को गणेश चतुर्थी के अवसर पर बैतूल में स्थानीय कलाकारों द्वारा माटी से हस्तनिर्मित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा खरीदी और डिजिटल माध्यम से भुगतान किया। उन्होंने प्रदेशवासियों को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं देते हुए भगवान श्री गणेश से सभी के जीवन में सुख, समृद्धि, शांति एवं मंगल की कामना की।
श्री खण्डेलवाल ने कहा कि गणेशोत्सव आस्था, संस्कृति और सामाजिक एकता का पर्व है। गणेशोत्सव को परंपराओं के साथ पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय कला के संवर्धन से जोड़ना सभी की जिम्मेदारी है। माटी से निर्मित भगवान श्री गणेश की प्रतिमा हमारी परंपरा, स्थानीय कला और पर्यावरण संरक्षण का सुंदर संगम है। उन्होंने प्रदेशवासियों से माटी से निर्मित गणेश प्रतिमाओं को अपनाने तथा स्थानीय कलाकारों एवं कारीगरों को प्रोत्साहित करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि स्थानीय कलाकारों और कारीगरों द्वारा हस्तनिर्मित माटी की प्रतिमाएं खरीदने से उनकी कला को प्रोत्साहन मिलता है तथा उन्हें रोजगार एवं आर्थिक संबल मिलता है। गणेशोत्सव के दौरान स्थानीय कलाकारों द्वारा निर्मित प्रतिमाएं खरीदना उनकी प्रतिभा और परिश्रम का सम्मान भी है। उन्होंने कहा कि माटी से बनी प्रतिमाएं पर्यावरण की दृष्टि से भी अनुकूल होती हैं। नागरिकों को स्थानीय कलाकारों से माटी की गणेश प्रतिमाएं खरीदकर 'लोकल के लिए वोकल' की भावना को मजबूत करना चाहिए।
श्री खण्डेलवाल ने गणेश प्रतिमा की खरीदी का भुगतान डिजिटल माध्यम से कर डिजिटल लेन-देन को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि डिजिटल लेन-देन ने व्यापार और रोजमर्रा के भुगतान को सरल, सुगम, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाया है। छोटे दुकानदारों, स्थानीय कलाकारों और कारीगरों को भी डिजिटल भुगतान से जोड़ना डिजिटल भारत की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। दैनिक खरीदारी में अधिक से अधिक डिजिटल भुगतान अपनाकर डिजिटल अर्थव्यवस्था को मजबूत करने में योगदान देना चाहिए।
इस अवसर पर भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के प्रदेश मंत्री अतीत पवार, जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, नगर पालिका अध्यक्ष पार्वतीबाई बारस्कर, नगर पालिका उपाध्यक्ष महेश राठौर, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष महेश्वर सिंह चंदेल, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष विक्रम वैद्य, जिला कोषाध्यक्ष दीपक सलूजा, गंज मंडल अध्यक्ष विकास मिश्रा, सांसद प्रतिनिधि कैलाश बंडू धोटे, पार्षद नितेश पिंटू परिहार सहित जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित