नयी दिल्ली , जुलाई 31 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शुक्रवार को यहां केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर विकास पहलों, कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन के बारे में चर्चा की तथा सहकारिता क्षेत्र को मज़बूत करने के लिए समर्थन मांगा। उन्होंने कहा कि राज्य की विकास की रफ़्तार को बनाए रखने के लिए एक मज़बूत सुरक्षा ढांचा ज़रूरी है।
श्री माझी ने श्री शाह के साथ बैठक के ओडिशा के विकास और समृद्धि को तेज़ी देने के लिए केंद्र के लगातार सहयोग की भी मांग की। उन्होंने श्री शाह से मुलाकात के बाद सोशल मीडिया एक्स पर लिखा, " आज नयी दिल्ली में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह से शिष्टाचार भेंट की।
इस अवसर पर राज्य की आंतरिक सुरक्षा, कानून-व्यवस्था, सहकारिता क्षेत्र को मजबूत करने और समग्र विकास के संबंध में सकारात्मक चर्चा हुई। केंद्र और राज्य के संयुक्त सहयोग से हम एक विकसित और समृद्ध ओडिशा के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध हैं।"मुख्यमंत्री कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और शाह के मार्गदर्शन में ओडिशा विकास के नये रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री को राज्य की विकास पहलों, कानून-व्यवस्था, आंतरिक सुरक्षा और प्रमुख कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन के बारे में जानकारी दी।
वामपंथी उग्रवाद से निपटने में केंद्र के सहयोग के लिए श्री शाह का धन्यवाद करते हुए श्री माझी ने कहा कि ओडिशा ने 'नक्सल-मुक्त राज्य' के रूप में पहचान बनायी है, जिससे सामाजिक-आर्थिक विकास के लिए अनुकूल माहौल बना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार 'ग्रामोदय योजना' के माध्यम से पहले माओवादी-प्रभावित क्षेत्रों में केंद्र और राज्य की कल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित