भुवनेश्वर , अगस्त 01 -- ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी, पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक और पूर्व शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शनिवार को संबलपुरी दिवस पर लोगों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी।

श्री माझी ने संबलपुरी दिवस और गुरु सत्यनारायण बोहिदार की जयंती पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए कहा , "संबलपुरी भाषा, संस्कृति, लोक कला, लोक गीत, नृत्य, हथकरघा बुनाई और परंपराएं हमारा गौरव तथा पहचान हैं। पीढ़ी-दर-पीढ़ी इस समृद्ध विरासत ने हमें एकता के सूत्र में बांधे रखा है और पूरी दुनिया में ओडिशा की अनूठी पहचान बनायी है। आइए, इस पावन अवसर पर हम अपनी विरासत, अपने गौरव और अपनी पहचान को और अधिक समृद्ध करने का संकल्प लें।"श्री पटनायक ने 'एक्स' पर कहा , " आज संबलपुरी दिवस मनाया जा रहा है। सभी को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं ।"इस महान दिवस पर श्री पटनायक ने कहा, "मैं प्रख्यात साहित्यकार गुरु सत्यनारायण बोहिदार को सादर नमन और श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। जय मां समलेई।"श्री प्रधान ने वीडियो संदेश जारी कर कहा 14 वर्ष पहले संबलपुरी भाषा और साहित्य के अग्रणी पुरोधा स्वर्गीय गुरु सत्यनारायण बोहिदार की जयंती एक अगस्त को संबलपुरी दिवस के रूप में मनाने की सराहनीय परंपरा शुरू की गयी थी। बुद्धिजीवियों, नागरिकों और विशेष रूप से संबलपुर के युवा हर साल इस दिन को बहुत उत्साह से मनाते रहे हैं।

उन्होंने कहा कि संबलपुरी भाषा, संस्कृति, परंपराओं, खान-पान, वेशभूषा और हथकरघा की ओडिशा में अलग और अनूठी पहचान है। उन्होंने जोर दिया कि इस समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करना और बढ़ावा देना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने याद किया कि गुरु सत्यनारायण बोहिदार ने संबलपुरी भाषा, साहित्य और संस्कृति को ऊंचाइयों पर ले जाने में अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया था और कहा कि यह अवसर उनके अमूल्य योगदान को आदरपूर्वक याद करने का है।

श्री प्रधान ने संबलपुरी दिवस को बहुत उत्साह से मनाने के लिए पश्चिमांचल एकता मंच, संबलपुरी एकता मंच और कई अन्य संगठनों को भी बधाई दी। उन्होंने सभी की सुख-समृद्धि, अच्छे स्वास्थ्य और कल्याण के लिए भगवान जगन्नाथ तथा मां समलेश्वरी से प्रार्थना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित