प्रयागराज , जनवरी 27 -- उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे माघ मेले में बुधवार को श्रीकृष्ण जन्मभूमि मंदिर प्रकरण के मुख्य याचिकाकर्ता दिनेश फलाहारी महाराज ने अपने खून से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखकर साधु-संतों से जुड़े विवाद को समाप्त कराने की अपील की है।

फलाहारी महाराज ने पत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हिंदुओं का गौरव बताते हुए कहा कि शंकराचार्य हिंदू समाज के भगवान समान हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शंकराचार्य के चरण स्पर्श करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सनातनी संतों के बीच चल रहे जुबानी विवाद का राजनीतिक दल लाभ उठाने का प्रयास कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि माघ मेले से जुड़े वायरल वीडियो से यह स्पष्ट है कि साधु-संतों के साथ अधिकारियों द्वारा अपमानजनक व्यवहार हुआ है। ऐसे में संबंधित अधिकारियों द्वारा माफी मांगकर पूरे प्रकरण को समाप्त किया जा सकता है। फलाहारी महाराज ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया कि वे स्वयं विद्वान सनातनी महंत होने के नाते अधिकारियों को माफी मांगने का निर्देश दें, ताकि सोशल मीडिया पर सनातनी समाज में व्याप्त नाराजगी दूर हो सके।

दिनेश फलाहारी महाराज ने कहा कि माघ मेले में बड़ी संख्या में साधु-संत, कल्पवासी और श्रद्धालु स्नान के लिए आते हैं और इस पावन आयोजन में राजनीति किया जाना अनुचित है। उन्होंने आग्रह किया कि इस मामले को यथाशीघ्र समाप्त किया जाए, ताकि धार्मिक वातावरण प्रभावित न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित