नयी दिल्ली , अप्रैल 19 -- मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने चुनाव आयोग के समक्ष अपनी शिकायत में कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मौजूदा चुनाव अवधि के दौरान दूरदर्शन का इस्तेमाल 'पक्षपातपूर्ण राजनीतिक भाषण' के लिए किया, जो आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) का उल्लंघन है।
चुनाव आयोग को सौंपी गयी औपचारिक शिकायत में माकपा महासचिव एमए बेबी ने कहा कि 18 अप्रैल को प्रधानमंत्री का टीवी पर संबोधन उस समय आया, जब तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनावों के कारण आचार संहिता लागू है। पार्टी ने तर्क दिया कि यह प्रसारण आधिकारिक संचार के दायरे से बाहर था और एक राजनीतिक प्रचार के समान था।
मुख्य चुनाव आयुक्त को लिखे पत्र में श्री बेबी ने कहा, "यह पत्र सार्वजनिक प्रसारक दूरदर्शन के दुरुपयोग और इसके जरिये राजनीतिक भाषण देने के कारण पैदा हुए आदर्श आचार संहिता के गंभीर उल्लंघन की ओर आपका तत्काल ध्यान आकर्षित करने के लिए है।"उन्होंने तर्क दिया कि 'संबोधन की विषय-वस्तु, स्वर और संदेश को किसी भी सूरत में सरकारी संवाद नहीं कहा जा सकता'। उन्होंने आरोप लगाया कि यह "पूरी तरह से राजनीतिक" था और चुनावी राज्यों में मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश करते हुए विपक्षी दलों को निशाना बनाया गया था।
माकपा ने आचार संहिता के प्रावधानों का हवाला दिया, विशेष रूप से सत्ताधारी दल के आचरण से संबंधित नियम, जो चुनाव के दौरान पक्षपातपूर्ण प्रचार के लिए सार्वजनिक धन और आधिकारिक मीडिया के उपयोग को रोकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित