दंतेवाड़ा , अगस्त 13 -- छत्तीसगढ़ के उपमुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को कहा है कि माओवादियों से लेन-देन करने वाले तथा उनकी गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ऐसे लोगों से पुलिस के समक्ष आकर पुनर्वास योजना का लाभ लेने की अपील भी की है।
बस्तर तिरंगा यात्रा के दौरान बारसूर पहुंचे शर्मा ने माओवादी नेटवर्क से जुड़े लोगों को लेकर कहा कि नक्सलवाद के दौर में माओवादियों से लेन-देन करने वाले सरगना हों या ऐसे जनप्रतिनिधि और सफेदपोश लोग, जिन्होंने नोटबंदी के समय माओवादियों से पैसे लिए अथवा उनकी गतिविधियों में संलिप्त रहे, उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि माओवादी गतिविधियों में शामिल रहे लोगों को सामने आकर हथियार छोड़ने और सरकार की पुनर्वास नीति के तहत मुख्यधारा में लौटने की प्रक्रिया अपनानी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि माओवादी नेटवर्क से जुड़े मामलों में कई तथ्य सामने आए हैं और उनके आधार पर रिकवरी तथा कार्रवाई भी की गई है। हालांकि, सरकार ने ऐसे मामलों में एक मर्यादा भी तय कर रखी है।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने पुनर्वास की प्रक्रिया अपनाकर हथियार छोड़ दिए हैं, उनके साथ सरकार की बातचीत किस स्तर तक होनी है, इसे लेकर भी एक निश्चित मर्यादा निर्धारित की गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित