चम्पावत , जुलाई 13 -- केन्द्र सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की ओर से संचालित माई भारत (मेरा युवा भारत) अभियान को चंपावत जिले में नई गति देने के उद्देश्य से सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी डॉ. गणेश सिंह खाती ने की। बैठक में वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए माई भारत अभियान की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में उप निदेशक शैलेश भट्ट ने बताया कि देशभर में 2.2 करोड़ से अधिक युवा माई भारत पोर्टल से जुड़ चुके हैं। पोर्टल के माध्यम से युवाओं को इंटर्नशिप, कौशल विकास, रोजगार, स्वयंसेवी गतिविधियों, सीवी बिल्डर, मेंटरशिप, फिट इंडिया अभियान, खेल प्रतियोगिताओं, छात्रवृत्तियों और विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों का लाभ मिल रहा है।
उन्होंने बताया कि अधिक से अधिक युवाओं को माई भारत पोर्टल से जोड़ने के लिए 15 अगस्त तक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। राष्ट्रीय स्तर पर सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले तीन जिलों को 15 अगस्त को राष्ट्रीय राजधानी में सम्मानित किया जाएगा। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए चम्पावत जिले के सभी शिक्षण संस्थानों में माई भारत एंबेसडर बनाए जाएंगे तथा जिले के शीर्ष तीन शिक्षण संस्थानों और एंबेसडरों को भी सम्मानित किया जाएगा।
बैठक में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग, विकसित भारत यूथ पार्लियामेंट, वाइब्रेंट विलेज प्रोग्राम, प्रधानमंत्री इंटर्नशिप योजना, युवा क्लब विकास अभियान, नशा मुक्त भारत, सेवा पखवाड़ा, वंदे मातरम् कैंप, व्यावसायिक प्रशिक्षण और अंतर्राज्यीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई।
श्री खाती ने कहा कि विकसित भारत के निर्माण में युवाओं की ऊर्जा, नवाचार और नेतृत्व क्षमता सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्ययोजना का समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) कृष्ण नाथ गोस्वामी ने युवाओं की भागीदारी से स्वीप गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित