ग्रेटर नोएडा , जून 06 -- उत्तर प्रदेश में ग्रेटर नोएडा के बिसरख थाना क्षेत्र स्थित राधा स्काई गार्डन सोसायटी में शनिवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई। मां के साथ हुए विवाद के बाद 21 वर्षीय युवक ने पहले अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया और फिर बहुमंजिला इमारत से छलांग लगाकर आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस ने शनिवार को घटना के संबंध में जानकारी दी और बताया कि,घटना की सूचना मिलते ही बिसरख थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान सागर यादव (21) पुत्र अनिल यादव के रूप में हुई है। वह मूल रूप से ग्राम पतवाड़ी का निवासी था और वर्तमान में अपने माता-पिता तथा छोटे भाई के साथ राधा स्काई गार्डन सोसायटी के टावर-एक स्थित फ्लैट नंबर-1804 में रहता था।
पुलिस द्वारा जांच किए जाने पर पता चला कि किसी बात को लेकर सागर यादव की अपनी मां से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने कथित तौर पर अपनी मां पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। घटना के बाद सागर फ्लैट से बाहर निकला और 18वीं मंजिल से नीचे आकर पांचवीं मंजिल के क्षेत्र से नीचे छलांग लगा दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित