उज्जैन , मई 14 -- मध्यप्रदेश के उज्जैन में पवित्र शिप्रा नदी के संरक्षण के उद्देश्य से आयोजित होने वाली 24वीं शिप्रा तीर्थ परिक्रमा यात्रा 25 मई से प्रारंभ होगी।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार महाराजा विक्रमादित्य शोधपीठ, मध्यप्रदेश संस्कृति विभाग और शिप्रा लोक संस्कृति समिति के संयुक्त तत्वावधान में 'जल गंगा संवर्धन अभियान' के तहत दो दिवसीय शिप्रा तीर्थ परिक्रमा और गंगा दशहरा उत्सव का आयोजन किया जाएगा। 26 मई को रामघाट पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री द्वारा मां शिप्रा को 300 फीट लंबी चुनरी अर्पित की जाएगी।

जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 23 वर्ष पूर्व मां शिप्रा के संरक्षण के उद्देश्य से इस यात्रा की शुरुआत की थी। तब से प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल होकर नदी संरक्षण का संदेश देते हैं। यात्रा का शुभारंभ 25 मई को रामघाट पर मां शिप्रा के पूजन के साथ होगा। यात्रा नर्सिंह घाट, लालपुल और त्रिवेणी सहित विभिन्न मार्गों से होते हुए 26 मई को पुनः रामघाट पहुंचेगी। समापन अवसर पर गंगा दशहरा उत्सव का आयोजन भी किया जाएगा।

शिप्रा लोक संस्कृति समिति के सचिव नरेश शर्मा ने बताया कि 25 मई की शाम भजन संध्या का आयोजन होगा, जिसमें श्रेयश शुक्ला और संजो बघेल प्रस्तुति देंगे। उन्होंने बताया कि 26 मई को सुबह यात्रा पुनः प्रारंभ होगी। इस दिन भारतीय नौसेना बैंड की प्रस्तुति, भजन जैमिंग, केशव बैंड का कार्यक्रम तथा रात्रि में मैथिली ठाकुर एवं साथियों द्वारा सुगम संगीत की प्रस्तुति दी जाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित