सहारनपुर , मई 16 -- मां शाकुम्भरी देवी विश्वविद्यालय सहारनपुर की समीक्षा बैठक में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण, कौशल आधारित और रोजगारपरक शिक्षा पर विशेष जोर दिया।
विश्वविद्यालय की कुलपति डॉ. विमला वाई ने शनिवार को बताया कि लखनऊ में आयोजित समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने कहा कि वर्तमान समय में विद्यार्थियों को रोजगारपरक और कौशल आधारित शिक्षा उपलब्ध कराना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने विश्वविद्यालयों में स्किल कोर्स, नवाचार और व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा देने के निर्देश दिए।
राज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ऊर्जा संरक्षण संबंधी आह्वान का उल्लेख करते हुए पैदल चलने, साइकिल उपयोग को बढ़ावा देने तथा पेट्रोल-डीजल की बचत के प्रति जागरूकता फैलाने की आवश्यकता पर भी बल दिया। बैठक में शिक्षा निदेशक प्रोफेसर बी.एल. शर्मा ने महाविद्यालयों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने तथा ग्रामीण महिलाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
बैठक का संचालन विशेष कार्याधिकारी डॉ. सुधीर एम. बोगड़े ने किया। इस अवसर पर कुल सचिव कमाल कृष्ण, पंकज जानी तथा विश्वविद्यालय से संबद्ध 10 राजकीय एवं 11 सहायता प्राप्त अशासकीय महाविद्यालयों के कुल 21 प्राचार्य उपस्थित रहे।
कुलपति डॉ. विमला वाई ने राज्यपाल के मार्गदर्शन के लिए उनका आभार व्यक्त करते हुए विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों, संचालित पाठ्यक्रमों, शोध कार्यों तथा स्नातकोत्तर एवं पीएचडी प्रवेश बढ़ाने के प्रयासों की जानकारी दी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित