धार , जुलाई 22 -- केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री तथा धार-महू लोकसभा क्षेत्र की सांसद सावित्री ठाकुर ने केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से भेंट कर मां वाग्देवी (सरस्वती) के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी करने तथा धार संसदीय क्षेत्र में संचार एवं डाक सेवाओं के विस्तार की मांग की।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार नई दिल्ली में हुई शिष्टाचार भेंट के दौरान श्रीमती ठाकुर ने धार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक धरोहरों के संरक्षण तथा उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने से जुड़े विषयों पर चर्चा की। उन्होंने केंद्रीय मंत्री को अनुरोध पत्र सौंपते हुए कहा कि धार की ऐतिहासिक भोजशाला भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति और सभ्यता का महत्वपूर्ण प्रतीक है। मां वाग्देवी के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी होने से भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रति सम्मान और जागरूकता बढ़ेगी तथा धार की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश की प्राचीन विरासत और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसे में मां वाग्देवी के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी किया जाना भारतीय संस्कृति, शिक्षा और आध्यात्मिक परंपरा के सम्मान की दिशा में महत्वपूर्ण कदम होगा।
श्रीमती ठाकुर ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को धार स्थित भोजशाला के दर्शन के लिए भी आमंत्रित किया और इसकी ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्ता से अवगत होने का आग्रह किया।
बैठक में लोकसभा क्षेत्र धार में संचार सेवाओं के विस्तार पर भी चर्चा हुई। सांसद ने विशेष रूप से दूरस्थ एवं आदिवासी क्षेत्रों में भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) के नए मोबाइल टावर स्थापित करने तथा बेहतर मोबाइल और इंटरनेट कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने ग्रामीण एवं आदिवासी क्षेत्रों में नए डाकघरों की स्थापना और डाक सेवाओं के विस्तार का भी आग्रह किया। श्रीमती ठाकुर ने विश्वास व्यक्त किया कि स्मारक डाक टिकट जारी करने तथा क्षेत्र में संचार एवं डाक सेवाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े सुझावों पर सकारात्मक पहल होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित