बैतूल , जुलाई 21 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में आयोजित मां ताप्ती जन्मोत्सव के दौरान उमड़ी भारी भीड़ में चेन स्नेचिंग की कई घटनाएं सामने आई हैं। बदमाशों ने भीड़ का फायदा उठाकर कई महिलाओं के गले से सोने की चेन खींची ली। पुलिस ने शिकायतों के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा मंदिर परिसर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
पुलिस के अनुसार सोमवार को मां ताप्ती मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए हजारों श्रद्धालु पहुंचे थे। इसी दौरान भीड़ में सक्रिय चेन स्नेचरों ने महिलाओं को निशाना बनाया। कई महिलाओं को मंदिर से बाहर निकलने अथवा घर पहुंचने के बाद ही अपने साथ हुई चोरी की जानकारी लगी। भीड़ अधिक होने के कारण आरोपी वारदात को अंजाम देकर आसानी से फरार हो गए।
चेन चोरी की शिकार किसान संघर्ष समिति की नेता आराधना भार्गव ने बताया कि वह मां ताप्ती मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थीं। दर्शन के दौरान उनके गले से सोने की चेन चोरी हो गई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके अलावा भी कई महिलाओं के साथ इसी प्रकार की घटनाएं हुई हैं। उन्होंने मुलताई थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
पुलिस का कहना है कि प्राप्त शिकायतों के आधार पर जांच की जा रही है। मंदिर परिसर, परिक्रमा मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच कर संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान की जा रही है। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
उल्लेखनीय है कि मां ताप्ती जन्मोत्सव को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। मंदिर परिसर, प्रमुख प्रवेश मार्गों, परिक्रमा पथ तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिस बल भी तैनात किया गया था। इसके बावजूद चेन स्नेचिंग की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से धार्मिक आयोजनों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अपने कीमती आभूषण, नकदी और अन्य सामान का विशेष ध्यान रखने तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधि की तत्काल सूचना पुलिस को देने की अपील की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित