, April 25 -- दरभंगा 25 अप्रैल (वार्त ) बिहार में दरभंगा के सांसद एवं लोकसभा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर ने शनिवार को कहा कि मां जानकी का जन्म मिथिला में होना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है।

श्रीसीता प्राकट्य दिवस जानकी नवमी के उपलक्ष्य में आज विद्यापति सेवा संस्थान के तत्वावधान में "जगत जननी जानकी पूजनोत्सव सह मैथिली दिवस समारोह' आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्घाटन दरभंगा के सांसद एवं लोकसभा में भाजपा के सचेतक डा. गोपाल जी ठाकुर, बेनीपुर के विधायक प्रो. विनय कुमार चौधरी, केवटी के विधायक डा. मुरारी मोहन झा, दरभंगा ग्रामीण के विधायक ईश्वर मंडल, कामेश्वर सिंह दरभंगा संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. लक्ष्मी निवास पांडेय, पूर्व कुलपति प्रो. शशिनाथ झा, पं. देव नारायण झा, मैथिली अकादमी के पूर्व अध्यक्ष कमलाकांत झा, संस्थान के सचिव बैद्यनाथ चौधरी बैजू, डा श्रीपति त्रिपाठी, डा सुरेश्वर झा आदि ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन कर किया।

इस मौके पर सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने मिथिला की समृद्ध संस्कृति, भाषा एवं परंपराओं के संरक्षण एवं संवर्धन पर विचार साझा करते हुए समाज में एकता और सांस्कृतिक जागरूकता को बढ़ावा देने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मां जानकी का जन्म मिथिला में होना हम सभी के लिए सौभाग्य की बात है। अयोध्या में मिथिला के पाहुन (दामाद) श्रीराम का भव्य मंदिर बनने के बाद माता सीता की प्राकट्य भूमि पुनौरा धाम में भी मंदिर निर्माण कार्य का शुभारंभ होना गर्व और गुमान का विषय है और वह दिन दूर नहीं जब भगवान राम को मर्यादा पुरुषोत्तम बनाने वाली मिथिला की धिया (बेटी) सिया की प्राकट्य स्थली पुनौरा धाम में भी भव्य मंदिर बन कर तैयार होगा।

बेनीपुर के विधायक विनय कुमार चौधरी ने मिथिला में पाहुन राम के जन्मदिन रामनवमी जैसी धमक आज भी जानकी के जन्मदिन मनाने में नहीं दिखने पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि रामनवमी जैसा धमाकेदार जुलूस यदि मां जानकी के प्राकट्य दिवस पर भी दिखेगा तो फिर बाहर के लोग माँ सीता के बारे में जानने को उत्सुक होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित