यमुनानगर , अक्टूबर 19 -- हरियाणा में यमुनानगर के खानपुर राजपूतान गांव में मां की जान बचाने के चक्कर में एक युवक ने सोमवार को जान गंवा दी।
गांव के शुभम (28) ने डूबती मां को तो बचा लिया, लेकिन खुद गहरे पानी में डूब गया।
जानकारी के अनुसार, शुभम अपनी मां के साथ गांव के तालाब पर खेत्री विसर्जन करने गया था। नवरात्र के दौरान मां ने खेत्री लगाई थी, जिसका विसर्जन करने के लिए दोनों तालाब पर पहुंचे थे।
तालाब किनारे खड़ी मां पूजा सामग्री प्रवाहित कर रही थी। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह तालाब में गिर गई। मां को डूबता देख शुभम ने बिना देर किए पानी में छलांग लगा दी। काफी प्रयास के बाद उसने मां को सुरक्षित किनारे पहुंचा दिया, लेकिन इसी दौरान शुभम खुद तालाब में बने गहरे गड्ढे में फंस गया। पानी गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। डायल-112 की टीम और गोताखोरों को बुलाया गया। करीब दो घंटे तक चले सर्च ऑपरेशन के बाद गोताखोरों ने शुभम को पानी से बाहर निकाला। परिजन उसे तुरंत जगाधरी सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों ने तालाब किनारे सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम न होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि तालाब के आसपास सुरक्षा व्यवस्था होती तो इस हादसे को टाला जा सकता था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित