नयी दिल्ली/नोएडा , फरवरी 25 -- कभी-कभी जीवन की कठिन परिस्थितियां ही नई राह दिखा देती हैं। कुछ ऐसा ही हुआ जब नोएडा में रहने वाली नीति शुक्ला को पता चला कि उनकी छोटी बेटी ऑटिज़्म से प्रभावित है। एक मां के रूप में उन्होंने अपनी बेटी के बेहतर विकास के लिए हर संभव जानकारी और सामग्री खोजने की कोशिश की, लेकिन जल्द ही उन्हें एहसास हुआ कि भारत में विशेष ज़रूरतों वाले बच्चों के लिए उपयुक्त और सरल शैक्षणिक किताबों की भारी कमी है। इसी कमी ने उन्हें एक नयी पहल शुरू करने के लिए प्रेरित किया।
श्रीमती शुक्ला बताती हैं कि उनकी बेटी अविका शुरू में बुलाने पर प्रतिक्रिया नहीं देती थी, आंखों से संपर्क कम करती थी और अक्सर चिड़चिड़ी रहती थी। जब अविका दो साल की होने से कुछ महीने पहले ऑटिज़्म का पता चला, तो परिवार के सामने कई सवाल खड़े हो गए। उन्हें डॉक्टरों और थेरेपिस्ट से बातचीत के दौरान समझ आया कि छोटे बच्चों में अत्यधिक स्क्रीन टाइम ऑटिस्टिक लक्षणों को बढ़ा सकता है और सामान्य बच्चों में भी संवाद की क्षमता को प्रभावित कर सकता है।
श्रीमती शुक्ला ने इसी अनुभव के आधार पर करीब दो साल पहले ब्रेनलैंड बुक्स की शुरुआत की। इस प्रकाशन का उद्देश्य बच्चों को स्क्रीन से दूर रखते हुए ऐसी गतिविधि-आधारित किताबें उपलब्ध कराना है, जो उनके दिमाग को सक्रिय रखें और सीखने की प्रक्रिया को सहज बनाएं।
श्रीमती शुक्ला का कहना है कि विदेशों में इस तरह की सहायक सामग्री उपलब्ध थी, लेकिन भारत में ऐसी किताबें बहुत कम थीं। उन्होंने अपनी बेटी के साथ बिताए समय और सीख से प्रेरित होकर उन्होंने विशेष बच्चों के लिए किताबें तैयार करनी शुरू कीं। ब्रेनलैंड बुक्स अब तक 50 से अधिक किताबें प्रकाशित कर चुका है। विशेष बच्चों के लिए पहली किताब 'पिक्चर बुक टू लर्न डेली रूटीन' रही, जिसमें तस्वीरों के माध्यम से बच्चों को रोज़मर्रा की गतिविधियां सिखाई जाती हैं। इन किताबों में उठना, बाथरूम जाना, दांत साफ करना और नहाने जैसी दिनचर्या को चित्रों के जरिए समझाया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित