पठानकोट , अगस्त 01 -- पंजाब में शनिवार को मांवां-धीयां सत्कार योजना के तहत 35.5 लाख महिलाओं के बैंक खातों में मासिक वित्तीय सहायता राशि भेजी गयी और इसके साथ ही योजना का लाभ पाने वाली महिलाओं की कुल संख्या बढ़कर 68.5 लाख हो गई है।

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने पठानकोट में आयोजित वित्तीय सहायता वितरण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की सामान्य श्रेणी की महिलाओं को जुलाई, अगस्त और सितंबर की तीन माह की एकमुश्त 3,000 रुपए, जबकि अनुसूचित जाति वर्ग की महिलाओं को 4,500 रुपए उनके खातों में भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि पहली बार विधवा, दिव्यांग और वृद्धावस्था पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाओं को भी इस योजना के तहत अतिरिक्त 1,000 रुपए या 1,500 रुपए प्रति माह का लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक जुलाई को 33 लाख महिलाओं को राशि जारी की गई थी और अब दूसरी किश्त में 35.5 लाख और महिलाओं को लाभ मिला है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि पिछले सात दिनों में पांच लाख नई महिलाओं ने योजना के लिए पंजीकरण कराया, जिससे कुल पंजीकरण संख्या बढ़कर 73.5 लाख हो गई है। उन्होंने कहा कि पात्र महिलाओं का पंजीकरण लगातार जारी है और जिन महिलाओं का सत्यापन अब होगा, उन्हें अगली किश्त में लाभ दिया जाएगा। श्री मान ने कहा कि यह किसी प्रकार की सहायता नहीं बल्कि महिलाओं का अधिकार है। उन्होंने कहा कि अब महिलाओं को अपनी या अपने बच्चों की जरूरतों के लिए किसी पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं होगी। राशि सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जा रही है और वे इसे अपनी आवश्यकता के अनुसार खर्च कर सकती हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जो महिलाएं अभी भी आवेदन करेंगी, उन्हें भी 1 जुलाई 2026 से योजना का लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि राज्य की लगभग 97 प्रतिशत महिलाएं इस योजना से लाभान्वित होंगी और सरकार ने इसके लिए 9,300 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि योजना का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ-साथ उन्हें सम्मान और आत्मनिर्भरता प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि यह योजना महिलाओं को गरिमा और आत्मविश्वास देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है तथा परिवारों के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण में भी सहायक होगी।

समारोह में आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया, कैबिनेट मंत्री अमन अरोड़ा, डॉ. बलजीत कौर और लाल चंद कटारूचक्क सहित अन्य नेताओं ने भी भाग लिया। श्री सिसोदिया ने कहा कि मुख्यमंत्री मान ने राज्य की जनता से किए गए वादों को लगातार पूरा किया है और यह योजना भी उसी प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित