धार , मार्च 26 -- मध्यप्रदेश के धार जिले की पर्यटन नगरी मांडू के ग्राम जामनिया में आज सुबह खेत पर गए दो भाइयों को तेंदुए का जोड़ा दिखाई देने से क्षेत्र में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार मांडू नगर परिषद के वार्ड क्रमांक 12 निवासी सोहन सिंह भाभर और उनके भाई सुरेश भाभर सुबह करीब नौ बजे खेत पर पहुंचे थे। इसी दौरान खेत से लगी गहरी खाई की पहाड़ी पर उन्हें नर और मादा तेंदुए का जोड़ा नजर आया। दोनों को तेंदुओं की दहाड़ भी सुनाई दी, जिससे वे घबरा गए।
सोहन सिंह ने तत्काल अपने पिता तोलिया भाभर को सूचना दी, जिसके बाद 25 से 30 ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तेंदुओं को कुछ देर बाद जंगल की ओर जाते हुए देखा। इस घटना के बाद पूरे गांव में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
घटना की सूचना पर वन विभाग का अमला भी मौके पर पहुंचा। वन अधिकारियों के अनुसार गर्मी के मौसम में पानी की तलाश में वन्यजीव अक्सर रिहायशी क्षेत्रों की ओर आ जाते हैं। कुछ समय बाद तेंदुओं का जोड़ा वापस जंगल की ओर लौट गया। वन मंडल अधिकारी विजयंनथम टीआर ने बताया कि ग्रामीणों को अकेले जंगल में न जाने और आवश्यक सावधानियां बरतने की हिदायत दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित