नयी दिल्ली , अगस्त 30 -- केन्द्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया, भारतीय क्रिकेट टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर, पहलवान संग्राम सिंह और अभिनेत्री मधुरिमा तुली ने आज जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ब्रिक्स के सहयोग से आयोजित 'फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल' के विशेष 'राष्ट्रीय खेल दिवस' संस्करण में प्रतिभागियों का नेतृत्व किया।

यह कार्यक्रम देश भर में 25,000 से अधिक जगहों पर एक साथ आयोजित किया गया, जो साप्ताहिक साइकिलिंग अभियान के लिए एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

इस अवसर पर डॉ. मांडविया ने कहा कि 88वें संस्करण का खास महत्व है क्योंकि भारत 12-13 सितंबर को भारत मंडपम में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन की मेजबानी कर रहा है।

उन्होंने कहा, "इस सप्ताह का संस्करण बिक्स के हमारे सम्मानित प्रतिनिधियों और सदस्यों को समर्पित है, जो 12 और 13 तारीख को शिखर सम्मेलन का हिस्सा होंगे। आज उनका स्वागत करते हुए हमें खुशी हो रही है।"डॉ. मांडविया ने आगे कहा, "'संडेज ऑन साइकिल' का 88वां संस्करण देश भर में 25,000 से ज़्यादा जगहों पर शुरू हो गया है। देश भर में साइकिलिंग का क्रेज बढ़ रहा है और 'संडेज ऑन साइकिल' धीरे-धीरे लोगों के बीच एक जुनून बनता जा रहा है। आइए हम सब हर दिन एक घंटे के लिए मोबाइल और कंप्यूटर स्क्रीन से दूर हटकर बाहर निकलें, साइकिल चलाएं, खेल खेलें और खुद को फिट रखें।"ब्रिक्स पार्टनर देशों के खास प्रतिनिधियों में मलेशिया के हाई कमीशन की चार्ज डी'अफेयर्स सुश्री शरीफा एजनीडा वफा सैयद ज़ुलकर्नाइन वफा, वियतनाम दूतावास के एंबेसडर-डेजिग्नेट ट्रिन्ह मिन्ह मान, इंडोनेशिया दूतावास के चार्ज डी'अफेयर्स युधो ससोंगको, बेलारूस दूतावास के एंबेसडर मिखाइल कास्को, क्यूबा दूतावास के एंबेसडर जुआन कार्लोस मार्सन एगुइलेरा; इथियोपिया दूतावास के एंबेसडर नेबियु टेडला नेगाश और रूस दूतावास के मिनिस्टर-काउंसलर और डिप्टी चीफ ऑफ मिशन रोमन बाबशकिन शामिल थे। इस मौके पर मौजूद सीनियर सरकारी अधिकारियों में खेल विभाग के सचिव श्री हरि रंजन राव; युवा मामलों के विभाग के सचिव श्री सुनील पालीवाल; और विदेश मंत्रालय में सचिव (आर्थिक संबंध) श्री सुधाकर दलेला शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित