यमुनानगर , अगस्त 31 -- हरियाणा नगरपालिका कर्मचारी संघ एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने सोमवार को नगर निगम में इकट्ठा होकर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
हड़ताल की अध्यक्षता नगरपालिका शाखा प्रधान पपला और अग्निशमन जिला प्रधान विजेंद्र सिंह ने की, जबकि संचालन शाखा सचिव सुभाष और जिला सचिव रिंकू कुमार ने किया। कर्मचारियों ने नगर निगम से प्यारा चौक, लाल द्वारा और हुड्डा सेक्टर-17 होते हुए लघु सचिवालय तक प्रदर्शन किया और हैंड बिल बांटकर सरकार की नीतियों की पोल खोली।
कर्मचारी नेताओं ने बताया कि रविवार को रोहतक के कर्मचारी भवन, सुखपुरा चौक में हुई राज्य कमेटी की बैठक में सरकार से हठधर्मिता छोड़कर बातचीत के माध्यम से मांगों का समाधान करने की अपील की गई है। संघ ने बिगड़ती सफाई व्यवस्था और हड़ताली कर्मचारियों पर हो रहे पुलिसिया उत्पीड़न पर रोक लगाने और मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप कर सम्मानजनक समाधान निकालने की मांग की है।
बैठक में हड़ताल दो सितंबर तक जारी रखने का निर्णय लिया गया। यदि दो सितंबर तक प्रमुख मांगों का समाधान नहीं हुआ तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने को मजबूर होंगे, जिसकी जिम्मेदारी हरियाणा सरकार की होगी।
संघ ने आंदोलन तेज करने के लिए चरणबद्ध कार्यक्रम घोषित किया है, तीन सितंबर सभी नगर पालिकाओं, परिषदों और निगमों में एक दिवसीय हड़ताल कर कामकाज बंद रखा जाएगा।
पांच- छह सितंबर को मंत्रियों के कैंप कार्यालयों पर प्रदर्शन किया जाएगा। दस से 12 सितंबर तक सभी जिलों में जिला स्तरीय 'न्याय पंचायत' आयोजित की जाएंगी।
तेरह सितंबर को मुख्यमंत्री के गृह जिले कुरुक्षेत्र में राज्य स्तरीय न्याय पंचायत आयोजित कर मुख्यमंत्री से न्याय की मांग की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित