बैतूल , अक्टूबर 27 -- मध्यप्रदेश के करीब 38 हजार कोटवारों ने अपनी तीन सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। मध्यप्रदेश आजाद कोटवार कर्मचारी संघ की बैतूल जिला शाखा ने मंगलवार को मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर मांगों के शीघ्र निराकरण की अपील की। संघ ने मांगें पूरी नहीं होने पर 31 अक्टूबर को भोपाल में प्रदेशव्यापी प्रदर्शन करने की चेतावनी दी है।
जिलेभर के कोटवार मंगलवार को शहीद भवन परिसर में एकत्र हुए। इसके बाद प्रांतीय अध्यक्ष हरवीर यादव, जिला अध्यक्ष लखन मालवीय और जिला सचिव श्याम पंडोले के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा।
संघ की प्रमुख मांगों में वर्ष 1916-17 में मालगुजारों द्वारा दी गई सेवा भूमि पर वर्ष 2007 की महापंचायत में मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप मालिकाना हक देना, वर्तमान में पदस्थ सभी कोटवारों को नियमित करना और वर्दी के लिए मिलने वाली राशि सीधे उनके बैंक खातों में जमा कराना शामिल है। संघ पदाधिकारियों ने कहा कि शासन उनकी मांगों का जल्द निराकरण करे। मांगें पूरी नहीं होने पर प्रदेशभर के कोटवार 31 अक्टूबर को भोपाल में एकजुट होकर प्रदर्शन करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित