भिवानी , अगस्त 02 -- हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन ने सरकार से पांच अगस्त तक लंबित मांगें पूरी करने की मांग करते हुए चेतावनी दी है कि ऐसा नहीं होने पर छह से आठ अगस्त को प्रदेशव्यापी तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। यूनियन ने कहा कि मांगें फिर भी नहीं मानी गईं तो आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा।

भिवानी के मुख्य दमकल केंद्र पर आयोजित बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान अजय श्योराण ने की, जबकि संचालन जिला सचिव नरेंद्र कुमार ने किया। बैठक के दौरान दमकल कर्मियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कर्मचारियों की अनदेखी का आरोप लगाया।

राज्य प्रधान राजेंद्र सिणद और राज्य वरिष्ठ उपप्रधान राजीव खत्री ने कहा कि 13 मई 2026 को हुए द्विपक्षीय समझौते में स्वीकार की गई मांगों को अब तक लागू नहीं किया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार मांगों से संबंधित आदेश जारी करने से बच रही है, जिससे कर्मचारियों में भारी नाराजगी है। यूनियन ने स्पष्ट किया कि यदि पांच अगस्त तक सभी स्वीकृत मांगों के आदेश जारी नहीं किए गए तो छह अगस्त से तीन दिवसीय हड़ताल शुरू होगी।

बैठक में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के राज्य सचिव पुरुषोत्तम दानव ने भी सरकार की कर्मचारी नीतियों की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित नहीं है और ग्रुप-डी के पदों पर भी उनकी नियुक्ति नहीं की जा रही। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने 13 मई के समझौते को पूरी तरह लागू नहीं किया और जॉब सिक्योरिटी से जुड़े मुद्दों का समाधान नहीं किया, तो नियमित, पे-रोल और एचकेआरएनएल के दमकल कर्मचारी भी राज्यव्यापी हड़ताल में शामिल होंगे। यूनियन ने दोहराया कि जरूरत पड़ने पर आंदोलन को अनिश्चितकालीन हड़ताल में बदल दिया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित