यमुनानगर , अक्टूबर 23 -- हरियाणा रोडवेज कर्मचारी सांझा मोर्चा ने पांच और छह नवंबर को दो दिवसीय सांकेतिक हड़ताल पर जाने का एलान किया है। इस संबंध में मोर्चा के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन शुक्रवार को महाप्रबंधक, हरियाणा राज्य परिवहन के माध्यम से सौंपा।

डिपो प्रधान राजिंदर कंबोज और राज्य कैशियर रघुबीर पंजाबी ने बताया कि कर्मचारियों ने पहले पांच्-छह सितंबर को हड़ताल का नोटिस दिया था। आठ सितंबर को परिवहन मंत्री के साथ हुई बैठक में कई मांगों पर सहमति बनी थी और एक माह के भीतर परिपत्र जारी करने का आश्वासन दिया गया था। तय समय बीतने के बावजूद मांगों का परिपत्र जारी नहीं हुआ, इसलिए दोबारा आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है।

सांझा मोर्चा ने चेतावनी दी है कि यदि चार नवंबर तक मानी गई मांगों के परिपत्र जारी नहीं किए गए तो पांच-छह नवंबर को सांकेतिक हड़ताल की जाएगी। हड़ताल से परिवहन व्यवस्था पर पड़ने वाले असर की जिम्मेदारी सरकार और प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर राजिंदर कंबोज, रघुबीर पंजाबी, सुखबीर सिंह, कमल जोगी, सुनील कुमार, अमन कुमार, अरविंद कुमार, नरेंद्र सैनी, राजेश कुमार और देवी लाल सहित कई कर्मचारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित