रायसेन , जून 28 -- मध्यप्रदेश के रायसेन जिले के बरेली क्षेत्र में मांगने के कार्यक्षेत्र को लेकर किन्नरों के दो गुटों के बीच विवाद का मामला सामने आया है। विवाद बढ़ने पर दोनों पक्ष बरेली थाने पहुंचे। बाद में एक पक्ष ने अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार बॉबी किन्नर और राधिका किन्नर समूह के बीच कार्यक्षेत्र को लेकर विवाद हुआ। दोनों पक्ष संबंधित क्षेत्र में मांगने का अधिकार अपना-अपना बताते रहे। इसके बाद बॉबी नायक अपने साथियों के साथ रायसेन पहुंचे और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में आरोप लगाया गया कि राधिका किन्नर और उसके सहयोगी उन्हें परेशान कर रहे हैं तथा मांगने का कार्य नहीं करने दे रहे हैं। साथ ही पुलिस पर भी दूसरे पक्ष का सहयोग करने का आरोप लगाया गया।
बॉबी नायक का कहना है कि उनकी नियुक्ति नियमानुसार हुई है और इसकी सूचना पहले ही थाना प्रभारी बरेली, एसडीएम तथा एसडीओपी को दी जा चुकी है। उन्होंने आरोप लगाया कि बरेली पुलिस एकतरफा कार्रवाई कर रही है और उनके साथ भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वे आत्महत्या जैसा कदम उठाने के लिए विवश होंगे। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दीपक नायक ने बताया कि मामले में प्राप्त शिकायत के आधार पर थाना प्रभारी बरेली को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित