पटना , अप्रैल 25 -- भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने शनिवार को कहा कि बिहार में मिथिला का भविष्य माँ सीता की कृपा से बदलेगा और इस इलाके में मां जानकी मंदिर बनने से क्षेत्र के विकास में तेजी आएगी।

श्री सरावगी आज सीतामढ़ी में आयोजित 'जानकी नवमी' के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए और इस अवसर पर उन्होंने आचार्य रामभद्राचार्य से भेंट कर उनका आशीर्वाद भी प्राप्त किया।

प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यक्रम के दौरान कहा कि माँ जानकी त्याग, तपस्या, मर्यादा और नारी शक्ति की अनुपम प्रतीक हैं। उनका जीवन सभी को धैर्य, समर्पण और सत्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है।

श्री सरावगी ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम का भव्य मंदिर बनने के बाद उसके 100 किलोमीटर के आसपास के क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था में व्यापक बदलाव आया है और समृद्धि का नया दौर शुरू हुआ है। उसी प्रकार जब माँ जानकी का भव्य मंदिर निर्माण होगा, तो पूरे मिथिला क्षेत्र में विकास और समृद्धि आएगी, जिससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी।

भाजपा नेता ने कहा कि यह पावन अवसर सभी को अपनी सांस्कृतिक विरासत को संजोने और समाज में समरसता एवं सद्भाव को मजबूत करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को माँ जानकी के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लेना चाहिए।

इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित