फरीदाबाद , अक्टूबर 11 -- हरियाणा के फरीदाबाद मार्केट नंबर-1 स्थित सिद्धपीठ श्री हनुमान मंदिर श्री सनातन धर्म महाबीर दल में मां ज्वाला जी की पवित्र ज्योत प्रज्वलित कर नवरात्रों का शुभारंभ श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया गया।

रुद्रा बैंक्वेट, मेवला महाराजपुर, मथुरा रोड के संचालक रवि भाटिया व उनके परिवार तथा राजू अरोड़ा व उनके परिवार ने ज्योत प्रज्वलित की। इस अवसर पर मंदिर परिसर मां दुर्गा के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने माता रानी के चरणों में शीश नवाकर परिवार की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

संस्था के प्रधान डॉ. राजेश भाटिया ने कहा कि नवरात्रों का पर्व हमारी सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक परंपराओं का महत्वपूर्ण प्रतीक है। मां दुर्गा शक्ति, साहस, धर्म और सकारात्मक ऊर्जा की प्रतीक हैं। नवरात्र के नौ दिन हमें माता रानी के विभिन्न स्वरूपों की आराधना करने के साथ-साथ जीवन में सदाचार, सेवा, करुणा और मानवता अपनाने की प्रेरणा देते हैं।

उन्होंने कहा कि मां ज्वाला जी की पवित्र ज्योत विश्वास, भक्ति और सकारात्मकता का संदेश देती है। धार्मिक आयोजन समाज को एकता के सूत्र में बांधने और नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति एवं संस्कारों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से नवरात्रों के दौरान पूजा-अर्चना के साथ जरूरतमंदों की सहायता करने और आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित