महोबा , अगस्त 10 -- उत्तर प्रदेश में महोबा जिले के महोबकंठ क्षेत्र मे रविवार देर शाम नशाखोरी मे हुए विवाद में एक युवक की पीट पीट कर हत्या कर दी गयी। पुलिस उप अधीक्षक अनरुद्ध कुमार ने बताया कि पिपरी गांव निवासी धर्मेन्द्र राजपूत (30) उर्फ़ बबलू शराब पीकर घूम रहा था। इस दौरान वह अनुसूचित वर्ग के मुहाल मे पहुंच गया जहां उसका किसी बात पर एक युवक से झगड़ा हो गया। दूसरे युवक ने बबलू को उठाकर सीसी सड़क मे पटक दिया। सड़क पर गिरने से बबलू के सिर पर गहरी चोट लगी और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
उन्होने बताया कि मध्य प्रदेश की सीमा पर स्थित सुदूरवर्ती पिपरी गाँव मे हत्या की वारदात से माहौल तनावपूर्ण हो गया। पुलिस ने फिलहाल मृतक के शव को कब्जे मे लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम को पहुंचाया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित