महोबा , मई 8 -- उत्तर प्रदेश के महोबा जिले में चरखारी पुलिस ने शुक्रवार तड़के मुठभेड़ के दौरान वाहन चोरों के एक अंतरराज्यीय गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस कार्रवाई में दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने बताया कि जिला पुलिस की स्वाट टीम और चरखारी कोतवाली पुलिस की संयुक्त टीम की मुठभेड़ गोरहारी और भटेवर कला के बीच टूटी पुलिया के पास हुई। पुलिस को सूचना मिली थी कि वाहन चोर गिरोह के सदस्य चोरी के ट्रैक्टर लेकर मध्य प्रदेश की ओर भागने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर रखी थी।

उन्होंने बताया कि संदिग्ध ट्रैक्टर को रोकने का प्रयास किए जाने पर उसमें सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली लगने से रंजीत बघेल और गजेंद्र बघेल घायल हो गए। दोनों के पैर में गोली लगी है। वहीं तीसरे बदमाश रविंद्र बघेल को पुलिस ने मौके पर दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपी मध्य प्रदेश के मुरैना जिले के निवासी हैं। उनके कब्जे से दो तमंचे, कारतूस, मोबाइल फोन तथा चोरी कर ले जाया जा रहा महिंद्रा कंपनी का एक ट्रैक्टर बरामद किया गया है।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर एक बाग में खड़े चोरी के तीन अन्य ट्रैक्टर भी बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार गिरोह का सरगना गजेंद्र बघेल बताया जा रहा है, जिसके विरुद्ध पहले से करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि चरखारी क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से ट्रैक्टर चोरी की घटनाओं में बढ़ोतरी हुई थी। रायनपुर निवासी दीनदयाल का ट्रैक्टर भी करीब एक पखवाड़े पूर्व चोरी हो गया था। शिकायत मिलने के बाद ट्रैक्टर चोरों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम गठित की गई थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित